जन कार्यों की रफ्तार हाशिये पर!

सोलन। जिला परिषद की त्रैमासिक बैठक में जन कार्यों की प्रगति हाशिये पर दिखी। विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली पर जन प्रतिनिधियों ने खूब सवाल दागे। अधिकांश पुरानी मदें पर जिला के विकास कार्यों की इबारत लिखी गई। कार्यसूची में नई मदें उत्तर अपेक्षित हैं… लिखकर इतिश्री की गई। हालांकि चर्चाओं के दौर को पूरा करके औपचारिकता लगभग पूरी करने की कोशिश जरूर की गई।
बैठक की अध्यक्षता जिला परिषद अध्यक्ष शीला ने की। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जिप सदस्यों द्वारा उनके क्षेत्रों में बिजली, पानी, बस सेवा तथा संपर्क मार्गों को लेकर उठाई गई समस्याओं का समाधान करने में सहयोग करें। आम लोगों को राहत और सुविधा मिले, साथ ही सरकार की योजनाओं व कार्यक्रमों से लोग लाभान्वित हों। बैठक में जिला परिषद सदस्यों में सोनिया ठाकुर, लक्ष्मी देवी, कौशल्या देवी, आशा परिहार, सरला शर्मा, सुमनलता, निर्मला देवी, बिमला वर्मा, कुलविंद्र कौर, अजायब सिंह राणा, हुसन चन्द ठाकुर, अजय सिंह तथा धर्म सिंह के अलावा अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी प्रदीप ठाकुर सहित सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

पुराने मुद्दों पर हुई चर्चा
बैठक में अधिकांश मुद्दे बस सेवा तथा पेयजल आपूर्ति को लेकर थे। जिन्हें पिछली बैठक में भी उठाया गया। इसमें मुख्यत: सोलन-जयनगर बस सेवा को वाया मांडला खरड-हट्टी चलाने की मांग, नालागढ़-स्वारघाट बस सेवा को बहाल करने की मांग, सोलन से दिग्गल के बीच सीधी बस सेवा चलाने बारे, जोबी गांव को बस लगाने की मांग, शिमला-ममलीग बस को कुनिहार तक चलाने बारे, शिमला-भराड़ीघाट बस को नियमित करने बारे, शिमला-साई बस को जयनगर तक चलाने के बारे में तथा बरोटीवाला-नाली बस को केदार मोड़ तक चलाने की मांग पर चर्चा की गई।

इन समस्याओं को उठाया
पेयजल आपूर्ति के मामलों को उठाया जिनमें ग्राम पंचायत करसौली के गांव दयोली-बरूणा में बिछाई गई पाइप लाइन में पानी बहाल करने की मांग, जुखाडी-बनेड़ योजना का पंपिंग सेट बदलने की मांग, डुंगप्लेट गांव को पेयजल सुविधा, ग्राम पंचायत जुखाडी के कुछ गांवों में पेयजल समस्या का निराकरण करने बारे, कनाली बस्ती में हैंडपंप लगाने के बारे मेें, क्यार और डगरोह को पेयजल सुविधा प्रदान करना, मटेरनी के तहत गांव बरोग पुरा में पाइप लाइन बिछाना, कश्मीरपुर स्कूल के बोरवैल को चालू करना, गबोल जमाला पेयजल योजना का निर्माण जल्द करवाने के बारे मेें, रजवाती मलैणी पेयजल योजना का कार्य आरंभ करने की मांग जैसे मसलों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।

ये मुख्य नई मदें शामिल (उत्तर अपेक्षित हैं)

1- गोलमाजला में सिंचाई और पीने की पाइपें खराब, लोग परेशान, कब सुधरेगी हालत?
2- भागेपुर में सड़क किनारे 25-30 घरों में पेयजल व्यवस्था नहीं, कब मिलेगा पानी?
3- बेला बस्ती इंदौरा में 60 फीसदी पिछड़ी जाति के लोगों को आज तक पानी नहीं कब आस होगी पूरी?
4- महादेव स्कूल के बच्चों के लिए पानी नहीं कब होगी व्यवस्था?
5- कुडलू पाठशाला के खेल मैदान में 6 फीट की ऊंचाई पर बिजली की तारें, क्या किसी हादसे का इंतजार?
6- जोघों में सिंचाई कूहल खराब, 100 बीघा कृषि भूमि पर लगाई फसलें तबाह हो रही, कारण बताए विभाग?
7- बेंदी गांव में बिजली की सप्लाई कम, बच्चों की पढ़ाई प्रभावित, अभिभावक छात्र झेल रहे परेशानी?

Related posts

Leave a Comment