
हमीरपुर। में जन औषधि केंद्र में नहीं जरूरी दवाइयां समाचार प्रकाशित होने के बाद क्षेत्रीय अस्पताल में हड़कंप मच गया है। उपायुक्त हमीरपुर ने सीएमओ हमीरपुर को जन औषधि केंद्र में दवाइयां मुहैया करवाने के आदेश दिए। जन औषधि केंद्र में भले ही थोड़ी दवाइयां रखो लेकिन सभी किस्मों की दवाइयां होनी चाहिए।
वर्तमान में जन औषधि केंद्र हमीरपुर में आपातकाल की कोई भी दवाई उपलब्ध नहीं है। केंद्र में विभिन्न 300 प्रकार की दवाइयां उपलब्ध होनी चाहिए लेकिन वर्तमान में मात्र 60 विभिन्न किस्म की दवाइयां ही उपलब्ध हैं। समाचार प्रकाशित होने के बाद उपायुक्त हमीरपुर ने सीएमओ को कार्यालय में बुलाकर जन औषधि केंद्र का फीड बैक लिया। आदेश दिए कि जन औषधि केंद्र में सभी प्रकार की दवाइयां मुहैया करवाई जाएं जिससे रोगियों या उनके तीमारदारों को परेशानी का सामना न करना पड़े। उधर, अस्पताल में भी दिनभर हड़कंप मचा रहा। सूत्रों की मानें तो जन औषधि केंद्र संचालक से भी अस्पताल के उच्चाधिकारियों ने पूछताछ की। सीएमओ हमीरपुर ने उपायुक्त को दवाइयां मुहैया न होने के कारण बताए तो उपायुक्त ने सभी दवाइयां कुछ मात्रा में उपलब्ध करवाने के आदेश जारी किए।
क्या कहते हैं अधिकारी
सीएमओ डा. पीआर कटवाल ने बताया कि उपायुक्त आशीष सिंहमार ने जन औषधि केंद्र में सभी दवाइयां उपलब्ध करवाने के आदेश जारी किए हैं। अस्पताल के निरीक्षण के दौरान भी उपायुक्त ने जन औषधि केंद्र में दवाइयां मुहैया करवाने के आदेश दिए थे।
