जनता की हितैषी रही है कांग्रेस : रवि

केलांग/मनाली(सरिता)लाहौल-स्पीति के विधायक एवं जनजातीय आयोग के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रवि ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस सरकार शुुरू से ही जनजातीय लोगों की हितैषी रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में जनजातीय लोगों का विशेष ध्यान रखा है। इसके लिए उन्होंने यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी, प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह तथा राहुल गांधी का आभार जताया। उन्होंने दावा किया कि मंडी लोकसभा संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी एवं पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह का वर्र्ष 2014 के लोकसभा चुनाव में जीतना लगभग तय है। उन्होंने कहा कि केंद्र में यूपीए की पूर्व सरकार ने भारत की आम जनता के हर वर्ग के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाओं एवं अधिकारों को लागू कर संपूर्ण विकास कर अपने पांच साल के कार्यकाल को बखूबी निभाया है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी के प्रत्येक नेताओं और कार्यकर्ताओं में सोनिया गांधी एवं राहुल गांधी के कार्यों के प्रति गहरी आस्था है। कहा कि प्रदेश में कांग्रेस के जनाधार में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। कांग्रेस प्रदेश की चारों सीटों पर विजयी होगी तथा यूपीए लगातार तीसरी बार केंद्र में सरकार बनाकर देश को प्रगति के पथ पर ले जाएगी। लाहौल स्पीति से जनजातीय सलाहकार परिषद सदस्य प्यारे लाल तथा सोहन सिंह ने कहा कि चुनाव को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है तथा कार्यकर्ता बूथ स्तर पर पार्टी को मजबूत करने में जुट गए हैं।

Related posts