जनऔषधि केंद्रों में नहीं मिल रही दवाईयां

चंबा। सस्ती दवाईयां मुहैया करवाने के लिए खोले गए जनऔषधि केंद्र में लोगों को तकरीबन आठ माह से दवाईयां नहीं मिल रही हैं। क्षेत्रीय अस्पताल प्रबंधन ने लोगों के रोष और उच्चाधिकारियों के आदेश को मद्देनजर रखते हुए जनऔषधि केंद्र तो खोल दिया है, लेकिन इसमें विभाग अभी तक दवाईयां उपलब्ध नहीं करवा पाया है। जनऔषधि केंद्र को खुला देखकर लोग सस्ती दवाईयां लेने के लिए काफी खुश होकर जाते हैं, पर केंद्र में दवाईयों न होने की बात सुनकर लोगों को निराशा हाथ लगती है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक जनऔषधि केेंद्र में जनवरी माह से मरीजों को नियमित रूप से दवाईयां नहीं मिल रही हैं। वर्ष के शुरुआत में केंद्र में तैनात फार्मासिस्ट ने जनऔषधि केंद्र बंद कर दिया था। उसके बाद विभाग को कई माह तक केंद्र चलाने के लिए फार्मासिस्ट ही नहीं मिला। अब विभाग ने जनऔषधि केंद्र में फार्मासिस्ट तो तैनात कर दिया है। केंद्र में दवाईयां न होने मरीजों को सस्ती दवाईयों का फायदा नहीं मिल पा रहा है। लिहाजा विभाग के सुस्त रवैये पर सवाल खड़े होना लाजिमी है। अस्पताल प्रबंधन की नाकामी के कारण मरीजों को बाजार में जेबें ढीली करनी पड़ रही है। मरीजों के तीमारदारों विनय कुमार, दर्शना देवी, कुंता देवी, सुरेश का कहना है कि वर्ष की शुरुआत के बाद से औषधि केंद्र में इक्का-दु़क्का दवाईयों को छोड़ बाकी दवाएं नहीं मिल रही हैं। मजबूरन दवाईयां मंहगे दामों पर बाजार से खरीदनी पड़ रही हैं।
इस संबंध में क्षेत्रीय अस्पताल के एमएस डा. विनोद शर्मा का कहना है कि जन औषधि केंद्र के लिए दवाईयां मंगवाई गई हैं। कई बार कंपनी के अधिकारी को दवाईयां भेजने के लिए मेल भी की गई है। उन्होंने बताया कि चंडीगढ़ की मेडिको फार्मासिटी कंपनी को जल्द दवाईयां मुहैया करवाने के निर्देश दिए गए हैं।

Related posts