जडेरा में दो दिन से नहीं मिला पेयजल

जडेरा (चंबा)। ग्राम पंचायत जडेरा के दो गांवों में दो दिन से पानी नहीं आ रहा है। इसके चलते ग्रामीणों को पानी की समस्या से जूझना पड़ रहा हैै। जानकारी के मुताबिक रहडू और मैंद्रोह गांवों में पानी न होने के कारण स्थानीय लोग परेशान है। स्थानीय बाशिंदों भिंदर शर्मा, अनिल, विनोद और हैप्पी ने बताया कि उनकेे नलों में दो दिनों से पानी नहीं आ रहा है। इसके चलते उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि पेयजल सप्लाई ठप होने के कारण पीने का पानी लाने के लिए दूसरे क्षेत्रों में जाना पड़ रहा है। सिंचाई एवं जनस्वास्थ्य विभाग से शिकायत करने के बावजूद भी पेयजल की समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। इससे लोगों में विभाग के प्रति काफी रोष है। उन्होंने आईपीएच विभाग से मांग की है कि जल्द पेयजल समस्या का समाधान किया जाए। उधर, सिंचाई एवं जनस्वास्थ्य विभाग के अधिशाषी अभियंता आरसी कपूर ने बताया कि समस्या उनके ध्यान में नहीं है। अगर ऐसा है तो जल्द समस्या का समाधान किया जाएगा।

Related posts