
चंबा। जिला चंबा के एक युवा संगठन ग्रीन वैली क्लीन वैली ने शहर को साफ-सुथरा रखने का बीड़ा उठाया है। इसके लिए संगठन के सदस्य जहां शहरवासियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक कर रहे हैं, वहीं जगह-जगह पर सफाई भी कर रहे हैं। इसी कड़ी में रविवार को ग्राीन वैली क्लीन वैली के अध्यक्ष नवजोत जोशी की अगुवाई में मुस्कान, जन्मेश, मनीषा, कनिका, निशांत, तरुण शर्मा और विपन शर्मा ने मोहल्ला हटनाला में लक्ष्मीनारायण मंदिर के सामने पड़ी गंदगी को साफ किया । इसके बाद लक्ष्मीनारायण मंदिर के पार्क को रंग रोगन भी किया। इससे पहले शनिवार को इस स्वयंसेवी संगठन के सदस्यों ने डोगरा बाजार में हर एक दुकान में जाकर कारोबारियों को जागरूक किया कि वे दुकान के बाहर गंदगी न फै लाएं। कुछ समय पहले संगठन की 25 सदस्यीय टीम ने चौंतड़ा मोहल्ला में सफाई की थी। संगठन के अध्यक्ष नवजोत जोशी ने बताया कि उन्होंने फेसबुक पर भी ग्राीन वैली क्लीन वैली चंबा के नाम से आईडी बना रखी है। इसमें लगगभ 600 लोग उनके साथ जुड़ चुके हैं। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक लोग उनके साथ जुड़ें और चंबा को स्वच्छ रखने में अपना योगदान दें।
