
बड़सर (हमीरपुर)। उपमंडल के जंदराणा गांव के निर्माणाधीन कुएं में युवक की लाश मिली है। युवक की शिनाख्त सुशील कुमार (24) पुत्र जीवन दास निवासी लोअर हरेटा के रूप में हुई। युवक पिछले तीन दिनों से घर से लापता था तथा मानसिक तौर पर विक्षिप्त था। परिजनों ने 3 सितंबर को इसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट बड़सर थाना में दर्ज करा दी थी। पुलिस के मुताबिक निर्माणाधीन कुएं के पास कुत्ता भौंक रहा था। ग्रामीणों ने देखा तो कुएं में शव तैर रहा था। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। बताया जा रहा है कि युवक माता-पिता का इकलौता पुत्र था तथा पिछले चार सालों से मानसिक रूप से अपाहिज था। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है तथा पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल हमीरपुर भेज दिया है। कुएं में शव मिलने की खबर क्षेत्र में फैल गई। थाना प्रभारी महेंद्र सिंह परमार ने शव मिलने की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
