जंगल में गुजारे बुजुर्ग महिला ने पांच दिन

नई दिल्ली। केदार नाथ में आए प्रलय से बचकर सरोजनी नगर निवासी बुजुर्ग महिला वीना देवी (58) तो लौट आईं लेकिन उनके पति दुर्गा प्रसाद केमनी (60) अभी भी लापता हैं। घर लौटने के बाद वह भगवान से अपने सुहाग की मन्नतें मांगते हुए रो पड़ती हैं।
वीना देवी अपने पति, चार अन्य पारिवारिक सदस्यों और एक रिश्तेदार के साथ चार धाम की यात्रा पर गई थीं। केदार नाथ का दर्शन कर सभी आगे की यात्रा के लिए बढ़े तो 17 जून को प्रलय का कहर टूट पड़ा। उनके पति पालकी की खोज में चले गए और अन्य को आगे चलने को कहा। इसके बाद ऐसी तबाही मची कि सब अलग-थलग पड़ गए। केवल वीना देवी ही सकुशल लौटी हैं जबकि अन्य लोगों का अभी तक कोई पता नहीं चल सका है। इस दौरान उन्होंने पांच दिन जंगल में बिताए।
गुप्तकाशी होते हुए दो दिन पहले दिल्ली पहुंचीं वीना ने बताया, ‘पति की सलामती के लिए वे लगातार भगवान से प्रार्थना करने के साथ ही मन्नतें मांग रही हैं। उनके साथ कई पुरुष और महिलाएं भी थीं, जिसे देखकर उनमें साहस बना रहा।’ वीना देवी के पुत्र आशीष ने बताया कि पिताजी के घर नहीं पहुचने से मातम का माहौल है। उनके इंतजार में परिजनों की आंखों से नींद गायब है। अब भगवान का ही आसरा है।

Related posts