
नंगड़ा (ऊना)। क्षेत्र के फतेहपुर में रविवार दोपहर खेतों में घास काटने जा रही एक महिला पर जंगली सूअर ने हमला कर उसे बुरी तरह घायल कर दिया। उपचार को क्षेत्रीय अस्पताल लाए जाते समय महिला ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। अस्पताल पहुंचते ही चिकित्सकों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर महिला का शव परिजनों को सौंप दिया है। घटना से फतेहपुर और आसपास के गांवों में भी दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार 55 वर्षीय दलूंभी देवी पत्नी केवल कृष्ण निवासी फतेहपुर रविवार दोपहर घास काटने अपने खेतों की ओर जा रही थी। इसी दौरान एक जंगली सूअर ने अचानक उस पर हमला कर दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। सूअर के हमले से घायल महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे लोग उसकी ओर दौड़े और महिला को सूअर के चंगुल से छुड़ाया। महिला के परिजनों को घटना की खबर करने के साथ ही लोग उसे लेकर अस्पताल की ओर दौड़ पड़े। लेकिन गंभीर घायल महिला ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। एसपी अनुपम शर्मा ने बताया कि सूअर के हमले में घायल महिला की मौत हो गई है। उधर, ग्राम पंचायत फतेहपुर की प्रधान निधि राणा, पूर्व बीडीसी विजय राणा, पूर्व प्रधान जगतार सिंह, उपप्रधान रमेश सिंह राणा, कृष्ण कुमार, मलकीयत सिंह ने महिला की मौत पर शोक व्यक्त किया है
