छुट्टियां खत्म होते ही बढ़ेगी स्कूल संचालकों की मुसीबतें

लुधियाना: अध्यापकों को 5वें पे-कमीशन की शर्तों पर तनख्वाह न देने वाले सैंट्रल बोर्ड ऑफ सैकेंडरी एजुकेशन (सी.बी.एस.ई.) से संबंधित कुछ स्कूल संचालकों की मुसीबतें छुट्टियों के बाद स्कूल खुलते ही बढ़ सकती हैं क्योंकि सी.बी.एस.ई. के चेयरमैन विनीत जोशी के निर्देशों के बाद लुधियाना सहोदया स्कूल काम्पलैक्स की डायरैक्टर हरमीत कौर ने ऐसे स्कूलों की लिस्ट तैयार कर बोर्ड को सौंपने की तैयारी कर ली है।

जिक्र योग्य है कि सी.बी.एस.ई. के नियमों के बिल्कुल उलट जाकर कुछ स्कूल अध्यापकों को काफी कम तनख्वाह दे रहे हैं जबकि सी.बी.एस.ई. की ओर से समय-समय पर जारी किए गए सर्कुलर में कहा जा चुका है कि विद्यार्थियों को क्वालिटी एजुकेशन देने के उद्देश्य से अध्यापकों को 5वें पे-कमीशन की शर्तों के आधार पर ही तनख्वाह दी जाए लेकिन कुछ स्कूल नियमों को छींके पर टांग अपने ही बनाए नियमों के आधार पर अध्यापकों का चयन कर मनमर्जी से तनख्वाह देने में लगे हैं।

मामले का खुलासा करीब 2 माह पूर्व एक स्कूल में पहुंचे चेयरमैन विनीत जोशी के समक्ष कुछ स्कूलों के अध्यापकों ने ही किया जिस पर चेयरमैन ने सहोदया स्कूल्स की डायरैक्टर व ननकाना साहिब पब्लिक स्कूल की प्रिंसीपल हरमीत कौर को इस मामले में विस्तृत रिपोर्ट बनाकर भेजने को कहा था।

प्रिं. हरमीत कौर ने 5वें पे-कमीशन की शर्तों के मुताबिक अध्यापकों को तनख्वाह न देने वाले स्कूलों की गिनती बताने से तो मना कर दिया लेकिन इतना जरूर कहा कि उक्त स्कूलों के अध्यापकों व स्टाफ की ओर से ही दी गई लिखित शिकायत के आधार पर उन्होंने नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले स्कूलों की लिस्ट तैयार की है। प्रिं. हरमीत कौर ने माना कि लुधियाना में ऐसे कई स्कूल हैं जो अध्यापकों को उनकी बनती तनख्वाह देने से गुरेज करते हैं। उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में बोर्ड के चेयरमैन को उक्त रिपोर्ट भेजी जाएगी।

Related posts