छात्र संघ चुनावों में पुलिस रहेगी मुस्तैद

हमीरपुर। छात्र संघ चुनावों को लेकर हमीरपुर पुलिस मुस्तैद हो गई है। पुलिस विभाग द्वारा कालेज परिसर और बाहर पुलिस जवानों को तैनात कर दिया गया है। शुक्रवार शाम पांच बजे जवानों की तैनाती कर दी गई है। इसके चलते छात्र संघ चुनावों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी। चुनावों के दौरान जो कोई माहौल को तनावपूर्ण बनाएगा उसके खिलाफ पुलिस कानूनी कार्रवाई अमल में लाएगी।
छात्र संघ चुनावों के चलते राजकीय महाविद्यालय में एक सौ जवानों को तैनात किया गया है। एक रिजर्व बटालियन, लोकल पुलिस, महिला पुलिसकर्मी तैनात होंगे। साधारण कपड़ों में भी पुलिसकर्मी छात्रों पर पैनी नजर रखेंगे जिससे चुनावों को शांतिपूर्ण माहौल में करवाया जा सके। पुलिस विभाग ने चुनावों को शांति पूर्वक माहौल में चुनाव संपन्न करवाने के लिए शुक्रवार शाम 5 बजे से ही पुलिस जवानों की तैनाती कर दी है। जवान रात के समय भी कड़ी गश्त करेंगे। जबकि चुनाव के बाद शनिवार रात को भी रात्रि गश्त लगेगी जिससे शरारती तत्वों पर कड़ी निगरानी रखी जा सके। पुलिस विभाग द्वारा कालेज प्रबंधन की भी मदद ली जा रही है। कालेज प्रबंधन ने भी चुनावों को शांतिपूर्वक माहौल में संपन्न करवाने को 15 बूथ स्थापित किए हैं। बूथों पर कुल 3,116 छात्र मतदान करेंगे। इन बूथों में करीब 60 स्टाफ सदस्य तैनात होंगेे। चुनाव परिणाम के दौरान माहौल के अनुसार अतिरिक्त जवानों को भी तैनात किया जा सकता है।
उधर, एसपी बीएम शर्मा का कहना है कि छात्र संघ चुनावों को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। कालेज प्राचार्य पीसी पटियाल का कहना है कि छात्र कुल 15 बूथों पर मतदान करेंगे।

Related posts