छात्र : नहीं मिले रोलनंबर, मरीज : करते रहे इंतजार

बड़सर (हमीरपुर)। बड़सर में बिजली व्यवस्था के हांफ जाने से मरीज, विद्यार्थी और उपभोक्ता सभी को समस्या से दो चार होना पड़ा है। बड़सर अस्पताल में मंगलवार को तीन घंटे बिजली गुल रही। इस कारण लैब टेस्ट, एक्सरे, अल्ट्रासाउंड, दंत जांच और आंखों का चैकअप करवाने आए मरीजों को परेशानी हुई। मरीज सिर्फ बिजली आने का इंतजार ही करते रहे। उधर बड़सर कॉलेज में पिछले 23 घंटे से विद्युत व्यवस्था ठप है। परीक्षाओं के लिए विद्यार्थी रोल नंबर लेने के लिए आए थे। उन्हें न तो रोल नंबर स्लिप और न ही डेटशीट मिल पाई। उल्लेखनीय है कि रूसा प्रणाली के तहत प्रथम सेमेस्टर की परीक्षाएं 21 नवंबर से शुरू हो रही हैं। परीक्षा के लिए छात्रों को रोल नंबर स्लिप चाहिए थी। आनलाइन आवेदन के बाद रोलनंबर स्लिप भी इंटरनेट से डाउनलोड करनी थी। कॉलेज में बिजली नहीं होने से रोलनंबर स्लिप डाउनलोड नहीं की जा सकी। इससे उन्हें रोलनंबर नहीं मिल पाए। विद्यार्थी बिजली आने का इंतजार करते रहे। कई विद्यार्थियों को रोलनंबर स्लिप नहीं मिल पाई। उधर बड़सर क्षेत्र की ही आधा दर्जन पंचायतों के दर्जन भर गांवों में पानी की किल्लत पैदा हो गई। इसकी वजह भी बिजली ही बनी। बणी बड़सर गारली एवं जुब्बल खैरियां पेयजल योजना के पास ट्रांसफार्मर की केबल खराब होने के छह घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रही। इससे पंपिंग नहीं हो पाई जिस कारण पेयजल की आपूर्ति नहीं हो पाई।

क्या कहते है संबंधित अधिकारी
अस्पताल में तीन घंटे के करीब बिजली नहीं आई। इसके बारे में विद्युत बोर्ड को सूचित कर दिया था।
– वीके धीमान, बीएमओ बड़सर

सोमवार शाम 3 बजे से बिजली बंद है। वह बाहर से छात्राओं के हाजिरी अपलोड कर रहे हैं।
– केसी मिन्हास, कॉलेज प्राचार्य बड़सर
बिरसवीं के पास 11 केवी केबल में खराबी आ गई थी। इस कारण कॉलेज में बिजली की समस्या पैदा हुई। अस्पताल के पास ट्रांसफार्मर से लोड देने से फीडर खराब हो गया लेकिन उसे ठीक कर समस्या का समाधान कर दिया। हरसौर में आईपीएच पंप हाउस के पास ट्रांसफार्मर की तार खराब हो गई। रात को 11:30 उन्हें ट्रांसफार्मर खराब की सूचना मिली तथा सुबह नौ बजे तक लाइन ठीक कर दी। पिछले दिन विद्युत आपूर्ति सही थी।
-यशवीर ठाकुर, सहायक अभियंता, बड़सर बिजली बोर्ड

Related posts