छात्रों को व्यवहारिक ज्ञान अवश्य दें : बुटेल

पालमपुर (कांगड़ा)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बंदला में वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह धूमधाम से मनाया गया। इसमें विस अध्यक्ष बृज बिहारी बुटेल ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। उन्होंने कहा कि चालू वित्तीय वर्ष में शिक्षा पर 4282 करोड़ रुपये व्यय किए जा रहे हैं। स्कूल के बच्चों को वार्षिक उत्सव की बधाई देते हुए कहा कि किसी भी संस्थान में वार्षिक उत्सव का विशेष महत्व होता है। यह वह पल होता है, जब हम अपना आकलन करते हैं। प्रदेश सरकार ने सभी शिक्षण संस्थानों में वार्षिक उत्सवों का आयोजन अनिवार्य किया है। अध्यापकों से आह्वान किया कि बच्चों को किताबी शिक्षा के साथ व्यवहारिक ज्ञान भी अवश्य दें। उन्होंने लोनिवि को विद्यालय में बहुउद्देशीय स्टेज एवं अतिरिक्त भवन का निर्माण कार्य एक वर्ष में पूरा करने के आदेश दिए। स्कूल में बिजली वायरिंग की मरम्मत के लिए एक लाख और सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए 11000 देने की घोषणा की। अव्वल रहने वाले बच्चों को भी सम्मानित किया। प्रधानाचार्य सतीश सोनी ने मुख्यातिथि का स्वागत कर स्कूल की वार्षिक रिपोर्ट पढ़ी। इस मौके पर एसएमसी के प्रधान ठाकुर प्यार सिंह, जय किशन, त्रिलोक चंद, कर्नल जगदीश गलहोत्रा, संतोष कुमार, नरेश कंवर, मल्हू राम भट्ट, शिक्षकों समेत कई लोग मौजूद रहे।

Related posts