
करियर संबंधी परामर्श और मार्गदर्शन के लिए छात्रों को अब धक्के नहीं खाने पड़ेंगे।
दरअसल, छात्रों को गुणवत्ता युक्त शिक्षा उपलब्ध कराने और परामर्श के लिए सीबीएसई ने अपने पहले करियर परामर्श एवं मार्गदर्शन केंद्र की शुरुआत की है।
यह केंद्र लखीमपुर खीरी (उत्तर प्रदेश) में खोला गया है। केंद्र 10वीं से 12वीं तक के छात्रों को विषयों के चुनाव से लेकर करियर की संभावनाओं को तलाशने में मदद करेगा।
छात्रों को यह परामर्श और मार्गदर्शन निशुल्क मिलेगा। इस सेंटर से अन्य बोर्ड के छात्र भी लाभ ले सकते हैं। सीबीएसई की योजना ऐसे सेंटर अन्य स्थानों पर भी खोले जाने की है।
सीबीएसई के चेयरमैन विनीत जोशी ने कहा, ‘सबको समान रूप से उत्तम शिक्षा उपलब्ध कराई जा सके, इसके लिए इस सेंटर को स्थापित किया गया है।
सेंटर के बाद अक्तूबर से दिसंबर तक शिविर लगाने की भी योजना है।’
बोर्ड का मानना है कि 10वीं से 12वीं तक की कक्षाओं में विषय के चुनाव का छात्रों की करियर संभावनाओं पर प्रभाव डालता है।
ऐसे में छात्रों को यह समझना जरूरी है कि वह किस विषय में बेहतरीन प्रदर्शन कर सकते हैं।
उस विषय के प्रति दिलचस्पी कैसी है, इन सब बातों को जानने-समझने के बाद ही विषय का चुनाव अच्छा रहता है।
इन बातों को समझने में यह सेंटर मदद करेगा। इसके अलावा सेंटर अभिभावकों और शिक्षकों को भी सलाह देगा।
