छात्रों के निलंबन पर गर्माया माहौल

ऊना। स्थानीय महाविद्यालय में एबीवीपी से संबंधित तीन छात्रों को निलंबित करने के मामले में छात्र राजनीति गर्मा गई है। गुस्साए एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने कालेज प्राचार्य कार्यालय के बाहर मंगलवार सुबह धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान सैकड़ों एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने कालेज प्रशासन एवं सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर अपना गुबार निकाला। मामले को गर्माता देख कालेज प्रशासन ने पुलिस को सूचित कर दिया। इसके बाद ऊना सदर के एसएचओ केएल बैरी अपनी टीम सहित मौके पर पहुंचे और मामले को शांत करवाया।
एबीवीपी तीनों छात्रों का निलंबन पत्र निरस्त करने की मांग पर अड़ी है। एबीवीपी के व्यवसायिक विभाग प्रमुख तेजस्वी उपमन्यु ने कहा कि कालेज प्रशासन राजनीतिक दबाव के चलते एबीवीपी कार्यकर्ताओं को प्रताड़ित कर रही है, जिसे किसी भी कीमत में सहन नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कालेज प्राचार्य पर भी भेदभाव करने का आरोप लगाया गया है। तेजस्वी ने कहा कि एबीवीपी कालेज में शांतिमय वातावरण को बरकरार रखना चाहती है, लेकिन कालेज प्रशासन अपने राजनीतिक आकाओं का एजेंट बनकर कालेज का माहौल खराब करने पर उतारू है। उन्होंने कहा कि यदि कालेज प्रशासन ने तीनों छात्रों के निलंबन के फरमान निरस्त नहीं किए तो आगामी दिनों में एबीवीपी को भूख हड़ताल करेगी। इस मौके पर अमन कुमार, शबनम, रंजन कौर, पूनम देवी, अमित सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे।
उधर एसएचओ केएल बैरी ने बताया कि कालेज प्रशासन की ओर से सूचना मिलने पर पुलिस कर्मी मौके पर पहुंच गए थे। पुलिस ने सभी छात्रों से कालेज में शांतिप्रिय माहौल बनाने की अपील की है।

Related posts