
नई दिल्ली। राजधानी में एक बार फिर दरिंदों ने एक नौवीं कक्षा की छात्रा को अगवा कर उसे हवस का शिकार बनाया। स्कूल से लौटने के दौरान उसे अगवा किया और सुनसान जगह पर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। वहीं, सुल्तानपुरी में एक पड़ोसी ने बिजली की मरम्मत करने के बहाने महिला के घर में घुसकर उसके साथ दुष्कर्म किया। पुलिस ने दोनों मामलों के तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पहली घटना कापसहेड़ा इलाके की है। 13 वर्षीय किशोरी सपरिवार बिजवासन इलाके के सरकारी स्कूल में पढ़ती है। चार जून की दोपहर वह स्कूल से घर लौट रही थी। इसी दौरान रास्ते में उसके पड़ोस में रहने वाला गौरव और रोहित मिला। उन लोगों ने किशोरी को घर छोड़ने का बहाने कार में बिठाकर खेत में ले गए। जहां दोनों ने उसके साथ दुष्कर्म किया। दोनों ने यह बात किसी से बताने पर जान से मारने की धमकी दी और उसे घर के पास छोड़कर फरार हो गए। किशोरी ने पहले तो नहीं बताया, लेकिन 10 जून को उसने पिता को पूरी बात बताई। पिता ने इसकी शिकायत थाने में की। पुलिस ने आरोपी गौरव को उसी रात गिरफ्तार कर लिया। जबकि दूसरे आरोपी रोहित को पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
दूसरी घटना मंगोलपुरी इलाके की है। 28 वर्षीय महिला पति के साथ रहती है। मंगलवार दोपहर महिला के घर की बिजली गुल हो गई। जिसकी जानकारी मिलने पर पड़ोस में रहने वाला सतीश (30) बिजली की मरम्मत करने के बहाने घर में घुस गया। इस दौरान वह महिला से जबरदस्ती करने लगा। विरोध करने पर उसने जान से मारने की धमकी देकर उसके साथ दुष्कर्म किया।
शाम में पति के घर आने पर उसने इसकी जानकारी दी। उसके बाद दंपति ने थाने पहुंचकर इसकी शिकायत की। पुलिस ने मामले पर कार्रवाई करते हुए आरोपी सतीश को बुधवार को इलाके से गिरफ्तार कर लिया।
