छात्रा की मौत मामले में आरोपी रिमांड पर

बंगाणा (ऊना)। हमीरपुर की डोडवीं निवासी बीटेक फाइनल की छात्रा पूनम की मौत मामले में गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय ने आरोपी शम्मी ठाकुर को चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेजने के आदेश सुनाए हैं।
एएसपी वीरेंद्र ठाकुर ने पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी शम्मी ठाकुर निवासी टौणी देवी को छह दिसंबर तक रिमांड पर भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि युवती बंगाणा के भलेत कैसे पहुंची और उसे आत्महत्या जैसा कदम उठाने पर क्यों मजबूर होना पड़ा? यह सब आरोपी युवक से पूछताछ से उजागर होगा। एएसपी ने बताया कि मृतका के मोबाइल कॉल डिटेल की गहनता से जांच पड़ताल की जा रही है। इससे छात्रा की मौत के राज खुलने की उम्मीद जताई जा रही है। एएसपी ने बताया कि शम्मी ने पुलिस के सामने पूनम के साथ हाल ही हुई में दोस्ती को कबूल किया है और उसने पुलिस को बताया है कि वह युवती से तीन से चार बार मिला है। लेकिन पूछताछ में यह भी सामने आया है कि मौत वाले दिन युवक पूनम से मिला ही नहीं था। ऐेसे में पुलिस भी यह पता लगाने में जुट गई है कि पूनम का बणी से बंगाणा में पहुंचने के पीछे क्या राज था? एएसपी ने बताया कि बहुत जल्दी पुलिस पूनम की मौत के असली कारणों पर से भी पर्दा उठा देगी।

Related posts