छह पंचायतों को महर्षि वाल्मीकि पुरस्कार

हमीरपुर। निर्मल भारत अभियान के तहत खंड स्तर पर महर्षि बाल्मीकि पुरस्कार के लिए पंचायतों का चयन कर लिया गया है। खंड स्तर पर विजेता पंचायतों (प्रथम) को एक लाख रुपये की राशि, स्मृति चिन्ह तथा प्रशंसा पत्र पुरस्कार स्वरूप प्रदान किया जाएगा। विकास खंड हमीरपुर में दडूही पंचायत, भोरंज खंड में हणोह, बिझड़ी खंड में सकरोहा, नादौन खंड में बड़ा, सुजानपुर खंड में डेरा तथा बमसन खंड में चमनेड़ पंचायत को अव्वल आंका गया है।
उपायुक्त आशीष सिंहमार ने बताया कि जिला ग्रामीण विकास अभिकरण हमीरपुर द्वारा निर्मल भारत अभियान के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों को साफ तथा सुंदर बनाने के लिए अभियान की शुरूआत की है। उद्देश्य की पूर्ति के लिए महिला मंडल पुरस्कार योजना, महर्षि बाल्मीकि संपूर्ण स्वच्छता पुरस्कार योजना, स्कूल स्वच्छता पुरस्कार योजना तथा भारत सरकार की निर्मल ग्राम पुरस्कार योजना शामिल है। महर्षि बाल्मीकि स्वच्छता पुरस्कार के तहत खंड स्तर पर स्वच्छ पंचायत को एक लाख, जिला स्तर पर तीन लाख तथा मंडल स्तर पर पांच लाख, राज्य स्तर पर दस लाख रुपये का पुरस्कार, स्मृति चिन्ह तथा प्रशंसा पत्र दिया जाता है। वर्तमान वर्ष में विकास खंड हमीरपुर से छह, भोरंज की छह, नादौन की नौ, बिझड़ी चौदह, और सुजानपुर की नौ पंचायतों ने पुरस्कार के लिए आवेदन किया था। मूल्यांकन के पश्चात विकास खंडों से एक-एक पंचायत को महर्षि बाल्मीकि पुरस्कार के लिए चयनित किया गया है। जिला स्तर के पुरस्कार के लिए 13 पंचायतों का मूल्यांकन जिला कांगड़ा की जिला स्तरीय कमेटी द्वारा किया जाएगा।

खंड स्तर पर हणोह पंचायत को प्रथम पुरस्कार
भोरंज (हमीरपुर)। महर्षि बाल्मीकि स्वच्छता पुरस्कार योजना 2013 के तहत खंड स्तर पर हणोह पंचायत को चुना गया है। पुरस्कार के लिए विकास खंड भोरंज की छह पंचायतों ने आवेदन किया था। टौणी देवी की टीम द्वारा पंचायतों को निरीक्षण किया गया। खंड स्तर के निरीक्षण के बाद योजना के तहत जिला स्तर के पुरस्कार के लिए निरीक्षण किया जाएगा। जिला स्तर पर आवेदन करने वाली विकास खंड भोरंज की तीन पंचायतों में वाहन्वी, भाैंखर तथा हणोह शामिल हैं। जिला स्तर का निरीक्षण डीआरडीए की ओर से जिला स्तर पर गठित टीम द्वारा किया जाएगा।

Related posts