छह घंटे बंद रहा चंबा-पठानकोट मार्ग

चंबा। भारी बारिश से दुनेरा के पास भूस्खलन होने से चंबा-पठानकोट मुख्य मार्ग करीब छह घंटे तक बंद रहा। जिले के मुख्य मार्ग पर आवाजाही पूरी तरह ठप होने यात्रियों को मुश्किलों का सामना करना पड़ा। वहीं, लांग रूट की बसें भी देरी से रवाना हो र्पाइं। जानकारी के मुताबिक यह मार्ग शुक्रवार सुबह दो बजे के करीब बंद हो गया था। इसके बाद लगभग छह घंटे मार्ग बंद रहा। मार्ग सुबह आठ बजे के बाद ही बहाल हो पाया। मार्ग ठप रहने से दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गई। वहीं लंबे रूट की गाड़ियों सहित समाचार पत्रों की गाड़ियां भी दुनेरा के पास फंसी रही। यात्रियों को बसों में ही रात गुजारनी पड़ी। वहीं, चंबा में आवश्यक वस्तुओं की सप्लाई भी देरी से पहुंची। मुख्यालय में आवश्यक वस्तुओं ब्रेड, दूध की सप्लाई भी दस बजे के बाद पहुंची। लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता हेम चंद शर्मा ने बताया कि मार्ग करीब छह घंटे तक बंद रहा है। इससे वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई है। मार्ग बंद होने की सूचना मिलते ही मार्ग को खोलने का कार्य शुरू कर दिया गया था। मार्ग सुबह आठ बजे के करीब बहाल कर दिया है।

Related posts