च्वाई के पास जीप लुड़की; 12 घायल

आनी (कुल्लू)। यहां च्वाई के पास सड़क हादसे में बारह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ, जब जीप से चालक नियंत्रण खो बैठा और जीप खाई में जा गिरी। हालांकि, खाई में गाड़ी एक पेड़ से जा टकराई, जिससे कई लोगों की जान बच गई। घायलों को उपचार के लिए आनी अस्पताल लाया गया। यहां दो लोगों की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें आईजीएमसी शिमला के लिए रेफर कर दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार च्वाई के पास आनी की ओर से आ रही कार को सामने आता देख महेंद्रा जीप चला रहे चालक रविंद्र कुमार पप्पू का गाड़ी से नियंत्रण खो गया और गाड़ी यात्रियों के साथ गहरी खाई में जा गिरी। इधर, हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस का एक दल एएसआई तेज सिंह के नेतृत्व में घटना स्थल पर पहुंचा और घटना का जायजा लेकर मामला दर्ज किया। हादसे की सूचना मिलते ही लोगों में दहशत फैल गई और लोग अस्पताल और घटना स्थल पर पहुंच गए। वहीं, प्रशासन की ओर से नायब तहसीलदार आनी गोपाल सिंह कटारिया ने बताया कि घायलों को फौरी राहत के रूप में डेढ़-डेढ़ हजार रुपये की राशि प्रदान की गई है।

…बाक्स..
सड़क दुर्घटना में घायल लोग
कांशी राम, पटवारी कंडा (46), गोबिंद सिंह (32) गांव खदेड़, दुनी चंद (27) धामणी (चवाई), स्यामू राम (48) पन्नखड़, गंगा देवी (45) धामणी (चवाई), राधा देवी (26) धामणी (च्वाई), भीमा देवी (37) शरण, रूपलाल (42) धामणी, महेंद्र ठाकुर कंडागई, मुकेश शर्मा (34) देवरी, रविंद्र कुमार चालक और तेज राम जीप मालिक हादसे में घायल हुए हैं।

Related posts