चौबीस घंटे बाद भी हत्यारों का सुराग नहीं

रोहड़ू। पुलिस थाना रोहड़ू के समीप झाड़ियों से बरामद कोटखाई के टाहू गांव निवासी युवक विंकल के हत्यारों का पुलिस को चौबीस घंटे बाद भी सुराग हाथ नहीं मिला है। हालांकि, मृतक के मोबाइल फोन की काल डिटेल तथा उसके दोस्तों से पूछताछ के आधार पर पुलिस हत्यारों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। मारा गया युवक विंकल रोहड़ू में करीब एक सप्ताह पहले आया था। एक सप्ताह के दौरान वह कहां किसके पास रहा था, इसके बारे में पुलिस को कुछ पता नहीं चल सका है। युवक के बाजार में कई दोस्त भी हैं, लेकिन कोई पुलिस को उसके रोहड़ू में होने का कारण नहीं बता पा रहे हैं। कयास लगाए जा रहे हैं कि युवक की हत्या गंगटोली में पुलिस थाना क्षेत्र के आसपास ही हुई है। हत्या के पहले दिन उसके साथ बाजार में देखे गए कई युवकों से भी पुलिस ने पूछताछ की है। अभी तक पुलिस को कहीं से हत्या के सुराग तलाशने में सफलता हाथ नहीं लगी है। हत्या क्याें और किसने की, पुलिस के लिए सभी सवाल पहली बने हुए हैं। उधर, क्षेत्र में एक साल के अंदर पांच अलग-अलग हत्याओं में शामिल लोगों का सुराग न मिलने से पुलिस की कार्यप्रणाली भी सवालों के घेरे में है। डीएसपी राजकुमार चंदेल का कहना है कि पुलिस कई लोगों से विंकल की हत्या की पूछताछ कर चुकी है। उन्होंने बताया कि पुलिस को सुराग मिले हैं, लेकिन अभी आरोपी तक जांच नहीं पहुंच सकी है। उन्होंने कहा कि कुछ युवकों से पूछताछ के बाद हत्या का राज खुलने की संभावना है। चौबीस घंटे के अंदर पुलिस आरोपियाें तक पहुंचने की कोशिश में है।

Related posts