
जेना: अगर आप का नजरिया केवल यह है कि एक अपराधी सिर्फ अपराध कर सकता है तो इस खबर को पढ़ कर आप का नजरिया और सोच दोनों ही बदल जाएंगे। दक्षिणी स्पेन के जेन शहर में एक चोर ने बच्चों का यौन शोषण करने वाले शख्स को पकड़वा दिया। हालांकि चोर इस पूरे मामले में खुद सामने नहीं आया।
पुलिस के अनुसार, उस अज्ञात चोर ने एक घर से एक पुराना सुपर 8 कैमरा और कुछ टेप चुराए। लेकिन बाद में जब उस चोर ने टेप देखे तो टेप में उसे एक शख्स लड़कों के साथ यौन शोषण करता दिखा। उसने तीनों टेप एक भूरे लिफाफे में रखे और उन्हें सड़क किनारे खड़ी कार के भीतर रख दिएऔर बाद में उसने एक पब्लिक फोन बूथ से पुलिस को फोन करके लिफाफे के बारो में सूचना दी।
पुलिस को लिफाफे के अंदर एक नोट मिला, जिस पर उस घर का पता लिखा हुआ था। इस नोट पर चोर ने एक संदेश भी लिख छोड़ा था, ”बदकिस्मती से यह टेप मेरे हाथ लगे। मैं यह आपको सौंपता हूं ताकि अपना काम कर सकें और उसे जिंदगी भर के लिए सलाखों में रखें।”
सीएनएन की वेबसाइट पर लगी खबर के अनुसार, गुरुवार को स्पेन की पुलिस ने चोर के बताए पते पर बच्चों से यौन शोषण के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसकी उम्र 64 साल है। 64 साल का आरोपी स्थानीय फुटबॉल कोच है। वह घर में अकेला रहता था और युवा खिलाड़ियों को अश्लील वीडियो दिखाते हुए उनका यौन शोषण करता था। पुलिस ने चार पीड़ित लड़कों की भी पहचान की है। उसमें एक 16 वर्षीय लड़के के साथ 6 वर्षों से यौन शोषण किया जा रहा था।
दिलचस्प बात यह है कि उस आरोपी ने चोरी की रिपोर्ट भी लिखवाई थी। लेकिन उसने चोरी हुए सामान में उस कैमरे और उन टेप्स का जिक्र नहीं किया था। पुलिस को घर से कई ओर टेप भी मिले है। पुलिस अब भी उस चोर की तलाश कर रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, उस चोर की अंतरात्मा अब भी जिंदा है।
