चोरों ने बीएसएनएल को लगाई 4 लाख की चपत

बंगाणा (ऊना)। क्षेत्र के ककराणा में बीएसएनएल के टावर से 13 कंट्रोल कार्ड चोरी होने का मामला सामने आया है। इनकी कीमत लगभग चार लाख रुपये बताई जा रही है। कंट्रोल कार्ड चोरी होने से बंगाणा क्षेत्र में बीएसएनएल का नेटवर्क ठप हो गया है। इसके चलते क्षेत्र के लोगों समस्या का सामना करना पड़ रहा है। उधर, कंट्रोल कार्ड चोरी होने की शिकायत बंगाणा पुलिस को दे दी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार अज्ञात चोर उपमंडल बंगाणा के ककराणा स्थित बीएसएनएल के टावर से 13 कंट्रोल कार्ड पर हाथ साफ कर गए। बीएसएनएल उपमंडल बंगाणा के एसडीओ अनुज चक्रवर्ती ने बताया कि शुक्रवार को उन्हें पता चला कि ककराणा स्थित बीएसएनएल के टावर ने काम करना बंद कर दिया है। वहां जाकर देखने पर पता चला कि टावर के अंदर से 13 कंट्रोल कार्ड गायब हैं, जिसकी वजह से टावर ने काम करना बंद कर दिया है। उन्होंने तुरंत इसकी शिकायत बंगाणा थाना में दर्ज करवाई। चक्रवर्ती ने बताया कि टावर के अंदर लगभग 20 के करीब कंट्रोल कार्ड लगाए गए थे, जो टावर के पूरे सिस्टम को आपरेट करने का कार्य करते हैं। इनमें से 13 कंट्रोल कार्डों पर चोरों ने हाथ साफ कर लिया है। एसडीओ ने बताया कि यह कार्ड टावर कंपनियों के ही काम आ सकते हैं, दूसरा इसका कोई उपयोग नहीं है। उधर बंगाणा थाना प्रभारी रामदास कौशल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर चोरी का मामला दर्ज कर मामले की आगामी छानबीन शुरू कर दी है।

Related posts