
ऊना। क्षेत्र के भदसाली में चोरों ने देर रात घर में सेंधमारी कर डाली। वारदात में चोरों ने सोने के आभूषणों सहित हजारों रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया है। चोरी की वारदात से समूचे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस ने मामले के संदर्भ में जांच शुरू कर दी है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार भदसाली निवासी वरियाम सिंह ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है वह और उसके परिवार के सभी लोग जब बुधवार सुबह उठे तो उन्होंने देखा कि उनके घर के एक कमरे का ताला टूटा था और दरवाजा भी खुला था। वरियाम सिंह की बहू ने जब अंदर जाकर देखा तो अलमारी भी खुली थी और उसमें से सोने का एक हार, दो झुमके, दो अंगूठियां और मंगलसूत्र गायब थे। इनकी कुल कीमत लगभग 70 हजार रुपये आंकी गई है। क्षेत्र में बढ़ती चोरी की वारदातों से लोगों में दहशत का माहौल है। एसएचओ हरोली महेंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस ने घटना के संदर्भ में केस दर्ज कर छानबीन आरंभ कर दी है।
