
दुलैहड़ (ऊना)। दुलैहड़ में एक इलेक्ट्रानिक्स की दुकान में चोरी की वारदात के बाद अन्य कारोबारियों की भी नींद उड़ गई है। चोर अभी तक पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ पाए हैं। शनिवार रात को भी एक कारोबारी को किसी ने आधी रात के समय फोन किया कि बाजार में फिर से चोर घूम रहे हैं। फोन करने वाले ने कारोबारी को यह भी कहा कि कहीं तोड़फोड़ की भी आवाजें आ रही हैं।
यह फोन दुकानदार अशोक को आया। अशोक ने अन्य कारोबारियों को भी अलर्ट कर दिया। इसके बाद कई दुकानदार आधी रात को अपनी दुकानों में पहुंच गए और तालों तथा शटर को ठीक से चेक किया। इसके बाद कारोबारी रात को खुद काफी देर तक पहरा भी देते रहे। उधर, शुक्रवार रात चोरी की वारदात का शिकार चौधरी इलेक्ट्रानिक्स के मालिक राम चौधरी तथा परिवार के कुछ लोग भी दुकान में ही सो रहे थे। इनकी दुकान का पिछला दरवाजा तथा ताला चोरों ने तोड़ दिया था। दरवाजे को अभी रिपेयर किया जाना है। शनिवार को दरवाजा रिपेयर न हो पाने के कारण उन्हें दुकान में ही सोना पड़ा। आधी रात को शोर सुनकर वे भी जाग गए। उन्होंने अन्य दुकानदार साथियों को भी रात को सड़क पर घूमते देखा। राम चौधरी ने भी कुछ अन्य दुकानदारों को फोन करके बुलाया तथा रात को काफी देर तक खुद ही कारोबारी पहरा देते रहे। चोरी की वारदात से क्षेत्र में दहशत बरकरार है। हालांकि अभी तक चोरों का पुलिस सुराग नहीं लगा पाई है।
डीएसपी सुरेंद्र शर्मा ने कहा कि कारोबारियों को घबराने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है। डीएसपी ने आम लोगों से भी इस तरह की वारदातों पर शिकंजा कसने में पुलिस को सहयोग की अपील की है।
