चोरी की बढ़ती वारदातों से सहमे ग्रामीण

पधर (मंडी)। क्षेत्र में चोरी की बढ़ती वारदातों से ग्रामीण सहमे हुए हैं। बुधवार को रोपी गांव की महिलाओं का प्रतिनिधिमंडल जिला परिषद सदस्य हेम सिंह ठाकुर और पंचायत समिति द्रंग के उपाध्यक्ष परम देव यादव की अध्यक्षता में एसडीएम पधर विनय मोदी से मिला और उन्हें चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने का आग्रह किया।
ग्रामीणों का कहना है कि गत दो माह पहले नाग राज निवासी रोपी के घर में चोरों ने दिनदिहाड़े ताला तोड़कर नकदी और जेवरात पर हाथ साफ कर दिया था। कुछ ही दिन बाद शिवा देवी पत्नी शेर सिंह निवासी पपलाहण के घर में दिन के समय चोरों ने दोबारा नकदी और जेवरात चुरा लिए थे। दोनों वारदातों की शिकायत पधर पुलिस में की गई, लेकिन चोरों के इस गिरोह को पकड़ने में पुलिस नाकाम रही है। 9 और 10 सितंबर की रात लगभग आठ बजे अज्ञात लोगों ने भावना देवी पत्नी रंगीला राम गांव रोपी डाकघर गवाली के घर धावा बोला, लेकिन भावना देवी ने गांव वालों को तुरंत सूचित कर दिया। गांव वालों के आने की भनक लगते ही चोरों ने घर की लाइट का मेन स्विच बंद कर दिया और बाहर से दरवाजे को बंद कर भाग निकले। ग्रामीणों ने प्रशासन से चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने की मांग की है। एसडीएम पधर विनय मोदी ने ग्रामीणाे को आश्वासन दिया है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था को बनाए रखने में हरसंभव कार्रवाई अमल में लाएंगे।

Related posts