चोरी का आरोपी चढ़ा पुलिस हत्थे

टौणी देवी (हमीरपुर)। टौणी देवी में लगभग पंाच माह पहले तीन दुकानों में चोरी की घटना को अंजाम देने वाले गिरोह तक पुलिस पंहुच गई है। इस चोरी मामले में एक युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है तथा अन्य तक पहुंचने के लिए पुलिस पूछताछ में जुट गई है। दुकानों से चुराया कुछ सामान भी पुलिस ने बरामद कर लिया है।
टौणी देवी के ऊहल चौक पर मार्च माह में चोरों ने एक हलवाई, एक सब्जी और मनियारी की दुकान के ताले तोड़कर सामान के साथ ही नकदी पर भी हाथ साफ किया था। गिरोह के एक व्यक्ति ने टौणी देवी में पीएनबी के एटीएम से नकदी भी निकाली थी। पैसे निकालते समय मुंह पर मफलर बांधा हुआ था जिससे पहचान नहीं हो पाई थी। जांच का जिम्मा सदर थाना के एएसआई सुनील कुमार को सौंपा गया था तथा कुछ सुराग मिलने के बाद लोगों के नंबर सर्विलांस पर रखे थे। गिरोह के सदस्य ककड़ के तरोटा निवासी मनोज कुमार तक पुलिस पहुंच गई। पुलिस गिरफ्त में आने के बाद उसने अपना जुर्म कबूल लिया तथा घर में रखा दुकान से चोरी इंडक्शन चूल्हा व मनियारी की दुकान से चोरी छाते, ब्लेड के पैकेट भी बरामद कर लिए हैं। युवक तरक्वाड़ी क्षेत्र में एक निजी आईटीआई में पढ़ता था। वीरवार की रात को पुलिस ने टौणी देवी में दुकानों की शिनाख्त परेड भी करवाई। इसने चोरी की घटना का हर वाक्या सुना दिया। पुलिस गिरफ्तार युवक से गिरोह में शामिल अन्य सदस्यों तक पहुंचने के लिए गहन पूछताछ कर रही है ताकि सभी सदस्यों को सलाखों तक पहुंचाया जा सके। जगह-जगह दबिश दी जा रही है। पुलिस अधीक्षक बृजमोहन शर्मा ने पुष्टि की।

पुलिस ने चोरी की वारदात में शामिल एक सदस्य को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य सदस्यों को भी जल्द ही पकड़ लिया जाएगा। चोरी का कुछ सामान भी बरामद किया गया है।

Related posts