
अंब (ऊना)। उपमंडल के राजपुर जस्वां गांव में शनिवार सुबह चैकडैम में एक महिला का शव पानी में तैरता मिला, जिसे पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना रेफर कर दिया है। मृतका की पहचान राजो देवी निवासी राजपुर जस्वां के रूप में हुई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार राजपुर जस्वां में सुबह लोगों ने चैक डैम में एक महिला की लाश तैरती देखी। आनन फानन में लोगों ने इसकी सूचना अंब थाने में दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से लाश को बाहर निकाला। उसकी पहचान स्थानीय लोगों ने राजो देवी पत्नी अशोक कुमार निवासी राजपुर जस्वां के रूप में की। छानबीन करने पर पुलिस को पता चला कि उक्त महिला की मानसिक हालत ठीक नहीं थी। मृतका के परिजनों ने बताया कि महिला का शुक्रवार देर दोपहर से ही पता नहीं चल रहा था। घरवालों ने यह सोच कर कि वह गांव में ही किसी यहां होगी एवं वापस आ जाएगी। अंब थाना प्रभारी ओम प्रकाश ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि राजपुर जस्वां क्षेत्र के चैक डैम में शनिवार की सुबह एक महिला का शव तैरता हुआ मिला, जिसकी पहचान हो गई है। महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना भेज दिया गया है। मामले की छानबीन जारी है।
