चूल्हे की लपटों से जला व्यक्ति

अंब (ऊना)। क्षेत्र के नंदपुर में वीरवार देर रात एक व्यक्ति चूल्हा जलाते समय आग की लपटों की चपेट में आ गया। आग ने उसके कपड़ों को पकड़ लिया, जिससे वह बुरी तरह घायल हो गया है। उसे घायलवस्था में अंब स्थित अस्पताल लाया गया, जहां से उसे तुरंत क्षेत्रीय अस्पताल ऊना रेफर कर दिया गया, लेकिन 65 फीसदी तक जल चुके व्यक्ति को नाजुक हालत के चलते तुरंत चंडीगढ़ स्थित पीजीआई रेफर कर दिया गया है। उधर, अंब पुलिस ने भी मामले के संदर्भ में छानबीन आरंभ कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार पवन कुमार पुत्र कर्म चंद निवासी नंदपुर वीरवार देर सायं अपने घर में बैठा था। वहीं उसके परिजन खाना बनाने के लिए चूल्हा जला रहे थे, लेकिन बारिश के कारण लकड़ियां गीली होने के चलते चूल्हा जल नहीं पा रहा था। इसी दौरान पवन कुमार ने चूल्हे में मिट्टी का तेल डाल कर लकड़ियों को माचिस की तिल्ली से आग लगा दी, लेकिन चूल्हे में एकाएक निकली ऊंची लपटों ने उसे तुरंत अपनी जद में ले लिया। इससे उसके कपड़ों को आग लगते देर नहीं लगी। परिजनों ने तुरंत आग बुझा दी, लेकिन तब तक पवन कुमार लगभग 65 फीसदी तक जल चुका था। परिजन उसे तुरंत अंब अस्पताल ले गए, जहां से तुरंत क्षेत्रीय अस्पताल भेज दिया गया, लेकिन नाजुक हालत के चलते पवन कुमार को पीजीआई रेफर कर दिया गया है। डीएसपी अंब मदन लाल कौशल ने बताया कि पुलिस ने घटना के संदर्भ में छानबीन आरंभ कर दी है।

Related posts