चुनाव आयोग का 14 प्रिंसिपलों पर शिकंजा

ऊना (विवेक त्रिपाठी)चुनाव आयोग ने जिले के 14 प्रधानाचार्यों पर शिकंजा कसा है। इन प्रिंसिपलों से पूछा गया है कि चुनाव ड्यूटी के लिए भेजी गई सूची में उनके नाम क्यों गायब हैं। जबकि, अधीनस्थों के नाम सूची में शामिल करके चुनाव विभाग के पास भेजे गए हैं। इस मामले पर कड़ा संज्ञान लेते हुए जिला चुनाव अधिकारी एवं उपायुक्त अभिषेक जैन ने शिक्षा उपनिदेशक से जवाबतलबी की है। पूरे प्रकरण पर विस्तृत रिपोर्ट भी प्रस्तुत करने को कहा गया है। इसके बाद शिक्षा उपनिदेशक आरसी टबयाल ने इन सभी प्रधानाचार्यों से जवाब मांगा है।
दरअसल 14 स्कूलों के प्रधानाचार्यों की चालाकी को चुनाव प्रक्रिया से जुड़े अधिकारियों ने पकड़ लिया। चुनाव ड्यूटी के लिए प्रधानाचार्यों से कर्मचारियों की सूची मांगी गई थी। 14 प्रधानाचार्यों ने सूची तो भेजी लेकिन उनमें जानबूझकर अपने नाम नहीं लिखे। सूची पर नजर दौड़ाते समय चुनाव प्रक्रिया से जुड़े अफसरों की नजर इस पर पड़ी। इस संबंध में जब उपायुक्त को अवगत कराया तो उपायुक्त ने शिक्षा उपनिदेशक से पूरी स्थिति स्पष्ट करने को कहा। शिक्षा उपनिदेशक ने इन प्रधानाचार्यों से इस लापरवाही पर जवाब मांगा है। उपायुक्त अभिषेक जैन ने कहा कि चुनाव संबंधी बैठकों व ड्यूटियों से अनुपस्थित रहने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ चुनाव आयोग की गाइडलाइंस के मुताबिक कड़ी कार्रवाई की जाएगी। डीसी ने इस बात का कड़ा संज्ञान लिया कि जिला के शैक्षणिक संस्थानों के 14 प्रधानाचार्यों ने चुनावी ड्यूटियों के लिए कर्मचारियों के नाम भेजते समय अपना नाम जानबूझ कर लिस्ट में नहीं डाला। उन्होंने उप निदेशक सेकेंडरी से इस बाबत जवाब तलब किया और कार्रवाई अमल में लाने के निर्देश दिए।

Related posts