
बीजिंग: चीन के प्रसिद्ध राजशाही महल ‘फोरबिडेन सिटी’ में आज कर्मचारियों के बीच झगड़ा होने पर एक व्यक्ति ने चाकू घोंपकर दो लोगों की हत्या कर दी और बाद में आत्महत्या की कोशिश की। पुलिस ने बताया कि अब महल संग्रहालय के नाम से चर्चित ‘फोरबिडेन सिटी’ के कैफिटेरिया में आज सुबह यह घटना घटी।
संवाद समिति शिन्हुआ ने पुलिस के हवाले से बताया कि 49 वर्षीय झेंग ने चाकू से वार कर अपने दो सहयोगियों को मार डाला। एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दूसरे की मृत्यु बचाव का प्रयास विफल रहने के बाद हो गई। झेंग ने आत्महत्या की कोशिश की जिससे वह घायल हो गया। पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया और अस्पताल में भर्ती कराया। हमले के पीछे की वजह का पता नहीं चल पाया है।
