चीनी और केरोसिन का कोटा न मिला तो आंदोलन

चंबा। भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष जय सिंह की अगुवाई में एक प्रतिनिधिमंडल वीरवार को उपायुक्त संदीप कदम से मिला। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त को एक मांगपत्र सौंपा। उन्होंने मांगपत्र के माध्यम से बताया कि तीन माह से जिला के सरकारी डिपुओं में चीनी नहीं मिल रही है। उपभोक्ताओं को 40 रुपये प्रति किलो के हिसाब से दुकानों से मजबूरन चीनी खरीदनी पड़ रही है। भाजपा नेता ने बताया कि रमजान के महीने में चीनी न मिलने से मुसलिम भाई भी काफी परेशान रहे। चीनी न मिलने से गरीब तबके के लोगों को काफी मुश्किलें पेश आ रही हैं। कई डिपुओं में चीनी के साथ केरोसिन भी नहीं मिल रहा है। उन्होंने बताया कि बस मालिकों को केरोसिन थोक में मिल जाता है और गरीब उपभोक्ता केरोसिन से वंचित रह जाते हैं। उन्होंने कहा कि निजी बसों में मिट्टी के तले का प्रयोग किया जा रहा है, जो घातक साबित हो सकता है। भाजपा नेता ने उपायुक्त से आग्रह किया कि आरटीओ से पूछा जाए कि अब तक कितनी बसों में तेल की जांच की गई है। भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा ने प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन से मांग की है कि जिला की जनता को तुरंत तीन माह की चीनी का कोटा वितरित किया जाए। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को केरोसिन और चीनी का कोटा नहीं मिलता है, तो मोर्चा धरना प्रदर्शन करने से गुरेज नहीं करेगा। इस मौके पर शारिफ अली शाह, टेक चंद, सुरेश कुमार और राम लाल मौजूद रहे। उपायुक्त संदीप कदम ने इस संबंध में जल्द कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।
इस संबंध में खाद्य आपूर्ति विभाग के जिला नियंत्रक आरके चड्ढा ने बताया कि अभी तक सप्लाई नहीं पहुंची है। जैसे ही चीनी की सप्लाई आती है उपभोक्ताओं को तीन माह का चीनी का कोटा एक साथ दे दिया जाएगा।

Related posts