

मुख्यमंत्री शुक्रवार और शनिवार को चित्रकूट दौरे पर था। वहां मुख्यमंत्री को बताया गया कि एसडीएम सौजन्य कुमार पिछले 15 दिनों से गायब चल रहे हैं। इसके अलावा एक अन्य एसडीएम इंदु प्रकाश का तबादला पिछले महीने नोएडा हो चुका है लेकिन नए एसडीएम की तैनाती न होने से उसे कार्यमुक्त नहीं किया जा सका है।
मुख्यमंत्री ने तत्काल गायब चल रहे एसडीएम को निलंबित करने और उपजिलाधिकारी के रिक्त पदों को भरने का निर्देश दिया। इसके बाद नियुक्ति विभाग ने हरदोई में एसडीएम राम प्रकाश, गाजियाबाद में एसडीएम राज बहादुर व बाराबंकी में एसडीएम अजय कुमार पांडेय का तबादला चित्रकूट कर दिया। इसके अलावा राजस्व परिषद ने चित्रकूट में तहसीलदार के रिक्त पदों पर दो नए तहसीलदारों की तैनाती कर दी। फतेहपुर में तहसीलदार रमेश चंद्र पांडेय व प्रमेश श्रीवास्तव को चित्रकूट भेजा गया है।
मुख्यमंत्री के दौरे के बीच ही चित्रकूट के मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) डॉ. राजेंद्र सिंह का तबादला संयुक्त निदेशक कानपुर मंडल के पद पर किया गया। उनकी जगह जिला चिकित्सालय बांदा के वरिष्ठ परामर्शदाता डॉ. विनोद कुमार यादव को नया सीएमओ बनाया गया है।
इसी तरह जिला संयुक्त चिकित्सालय चित्रकूट के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) डॉ. संपूर्णानंद मिश्रा को वरिष्ठ परामर्शदाता जिला चिकित्सालय बांदा के पद पर भेजा गया है। बांदा के वरिष्ठ परामर्शदाता डॉ. आरके गुप्ता को सीएमएस जिला संयुक्त चिकित्सालय चित्रकूट बनाया गया है। गौरतलब है कि चित्रकूट विधानसभा सीट पर अगले माह उपचुनाव होना है।
