
ठियोग (शिमला)। यहां शुक्रवार देर रात करीब दस बजे अपनी बेटी को ठियोग अस्पताल में दिखाने आए केशव राम शर्मा ने चिकित्सक द्वारा अभद्र भाषा का प्रयोग करने पर एसएमओ के पास शिकायत दर्ज करवाई है। वहीं केशव की शिकायत पर एसएसमओ ने चिकित्सक से तीन दिन में जवाब भी मांगा है।
अपनी शिकायत में केशव राम शर्मा ने कहा कि जब वह रात को अपनी बेटी को लेकर ठियोग अस्पताल पहुंचे तो चिकित्सक ने बेटी का उपचार न कर कहा कि बुखार के मरीजों को यहां नहीं देखा जाता है। इस दौरान चिकित्सक और केशव में काफी कहासुनी भी हुई। वहीं चिकित्सक ने उनके साथ गाली गलौच भी किया। हालांकि बाद में चिकित्सक ने उनकी बेटी के स्वास्थ्य की जांच की। इसके बाद शनिवार को उन्होंने चिकित्सक के खिलाफ एसएमओ को शिकायत की है।
इधर, इस बारे में एसएमओ का कार्यभार संभाल रहे डा. दलीप टेक्टा ने बताया कि इस मामले में उन्हें शिकात मिली है। उन्होंने कहा कि उक्त चिकित्सक से तीन दिन के अंदर जवाब मांगा गया है। उन्होंने बताया कि केशव राम शर्मा की शिकायत को सीएमओ शिमला को भी भेज दिया गया है। एसएमओ ने कहा कि चिकित्सक का जवाब मिलने के बाद आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने कहा कि चिकित्सक का काम लोगों की सेवा करना है न कि किसी के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करना।
