
चिंतपूर्णी (ऊना)। धार्मिक नगरी चिंतपूर्णी श्रद्धालुओं के आमद से गुलजार हो गई है। अश्विन नवरात्र मेले के पहले दिन 15 हजार श्रद्धालुओं ने पवित्र पिंडी के दर्शन किए। नवरात्र मेले के पहले दिन मेला अधिकारी एसडीएम सुखदेव सिंह और मेला पुलिस अधिकारी मदन लाल कौशल ने मंदिर में पूजा अर्चना कर मां का आशीर्वाद प्राप्त किया। उसके बाद दोनाें अधिकारियों ने मेला क्षेत्र में व्यवस्थाओं का जायजा लिया। बाहरी राज्यों से माता के दर्शनों के लिए पहुंच रहे श्रद्धालु पर्ची के माध्यम से ही मंदिर में प्रवेश कर रहे हैं। मंदिर प्रशासन की ओर से नारियल तक ले जाने पर प्रतिबंध लगाया गया है। मेन गेट पर मेटल डिटेक्टर लगाए गए हैं। प्रशासन की ओर से मेला क्षेत्र के चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई है। चिंतपूर्णी में श्रद्धालुओं की आमद से स्थानीय व्यापारियों के चेहरों पर भी रौनक लौट आई है।
रोजाना समय के अनुसार ही मंदिर के कपाट सुबह चार बजे खोले गए। इस दौरान श्रद्धालु आते गए और दर्शन कर लौटते गए, लेकिन दिन चढ़ने के साथ ही श्रद्धालुओं की संख्या में भी इजाफा होना आरंभ गया। सुबह 10 बजे तक श्रद्धालुओं की डबल लाइन पुराना बस अड्डा पार कर गई थी। पंजाब सहित अन्य राज्यों से भी हजाराें भक्तों ने माता के मंदिर में हाजिरी लगाई, जबकि माता के जयकारों से समूचा क्षेत्र पूरा दिन गूंजायमान रहा। मंदिर अधिकारी सुभाष चौहान ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधाओं का पूरा ध्यान रखा जा रहा है।
