
चिंतपूर्णी (ऊना)। अष्टमी पर चिंतपूर्णी शक्तिपीठ में 12 हजार भक्तों ने माथा टेका। सोमवार को चिंतपूर्णी में भक्तों की काफी भीड़ रही। रविवार तक मंदिर में 47,14,220 रुपये नकद चढ़ावा चढ़ा। 194 ग्राम और 800 मिलीग्राम सोना तथा दो किलो 698 ग्राम चांदी भी भक्तों ने मंदिर में चढ़ाया। रविवार को 880943 रुपये नकद चढ़ावा प्राप्त हुआ। सोमवार को चढ़े चढ़ावे की काउंटिंग मंगलवार को होगी।
मंदिर में सोमवार को अष्टमी पर कन्या पूजन भी किया गया। विशेष पूजा-अर्चना के पश्चात विधिवत कन्या पूजन करवाने के साथ प्रसाद भी चढ़ाया गया। सोमवार को मंदिर परिसर मां के जयकारों से गूंजता रहा और भक्त भी मां की जय-जयकार करते हुआ मंदिर की ओर बढ़ते रहे। मंदिर अधिकारी सुभाष चौहान ने कहा कि मंदिर में अष्टमी पर भक्तों को कतारबद्ध दर्शन कराए गए। दूसरी ओर, ऊना, अंब, बंगाणा, गगरेट, संतोषगढ़, हरोली समेत जिला के अन्य इलाकों में भी लोगों ने घरों में कन्या पूजन कराया। कन्या पूजन के लिए स्कूलों से भी छोटी बच्चियों को बुलाया गया और विधिवत उनकी पूजा की गई। कन्याओं को प्रसाद, दक्षिणा, उपहार आदि प्रदान किए गए। ऊना शहर से अरविंद कुमार, विजय कुमार, सुभाष, जगदीश, स्नेहलता, नीलम शर्मा, उर्मिला, वीना आदि ने कहा कहा कि वे हर साल अष्टमी पर घर में क न्या पूजन करवाते हैं।
