
ऊना। कत्ल, रेप, लूटपाट जैसे संगीन अपराधों से देवभूमि दहल उठी है। शक्तिपीठ चिंतपूर्णी समेत जिले के अन्य विख्यात धार्मिक स्थलों पर खूंखार अपराधियों का साया पड़ गया है। शांत वादियां निरीह लोगों की चीख पुकार से गूंज उठी हैं। अब चिंतपूर्णी के होटल में युवती के कत्ल की एक और सनसनीखेज वारदात ने लोगों के होश उड़ा दिए हैं।
लोगों का कहना है कि चिंतपूर्णी समेत अन्य धार्मिक पर्यटन स्थलों पर स्थित कई होटल अय्याशी का अड्डा बन गए हैं। पड़ोसी राज्य से भी किसी की हत्या करने का प्लान बनाकर उस व्यक्ति को ऊना लाया जाता है। पुलिस की फाइलों पर नजर दौड़ाएं तो पिछले पांच वर्षों में चिंतपूर्णी में ही कत्ल की सात वारदातें हुई हैं। इनमें कत्ल के चार मामले चिंतपूर्णी थाने में दर्ज हैं, जबकि तीन मामले देहरा थाने में दर्ज हैं। शक्तिपीठ चिंतपूर्णी के इर्द गिर्द बाजार का आधा हिस्सा देहरा थाने के अधीन है। हाल ही में पंजाब के होशियारपुर क्षेत्र की एक युवती की गगरेट के समीप लाश मिली थी। हाल ही में चिंतपूर्णी के एक होटल में एक युवक मृत मिला। 2011 में चिंतपूर्णी के एक होटल में पंजाब की एक महिला ने अपने एक दोस्त की मदद से अपने ही पति का कत्ल करवा दिया था। चिंतपूर्णी, पीर निगाह, बाबा बड़भाग सिंह समेत अन्य धार्मिक स्थलों पर लाशें मिलना तो आम बात है। हाल ही में धार्मिक स्थल पीर निगाह में दो नाबालिग लड़कियाें से रेप, मार्च माह में महिला का मर्डर, पोलियां बीत के डेरे में महंत सिंगारा राम का बेरहमी से कत्ल जैसी वारदातों से देव समाज से जुड़े लोग भी आहत हैं। उधर, एसपी केसी शर्मा ने कहा कि जिला में स्थिति नियंत्रण में है।
