चिंतपूर्णी में उमड़े श्रद्धालु

चिंतपूर्णी (ऊना)। उत्तर भारत के प्रसिद्ध शक्तिपीठ मां चिंतपूर्णी के दरबार में रविवार के दिन श्रद्धालुओं की खासी भीड़ देखने को मिली। छुट्टी का दिन होने के कारण पिछले दिन शनिवार को ही मां के दरबार में श्रद्धालुओं की आवाजाही शुरू हो गई थी। जिसे देखते हुए रविवार को सुबह तीन बजे ही मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर के कपाट खोल दिए थे। उधर, श्रद्धालुओं की दोहरी कतारें सुबह 10 बजे ही पुराने बस स्टैंड को पार कर मेन बाजार तक पहुंच गई थीं। नए बस स्टैंड से भरवाईं तक गाड़ियों की आवाजाही से कई बार जाम की स्थिति बनती रही। सुबह के समय मंदिर रोड पर कई श्रद्धालुओं ने अपनी गाड़ियां गलत तरीके से पार्क की हुई थीं। रविवार को चिंतपूर्णी मंदिर न्यास सहित धार्मिक संस्थाओं एवं स्थानीय दुकानदारों ने जगह-जगह मीठे पानी की छबीलें लगाकर आने जाने वाले श्रद्धालुओं को गर्मी से राहत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। चिंतपूर्णी मंदिर अधिकारी सुभाष चौहान ने बताया कि रविवार के दिन करीब 30 हजार श्रद्धालुओं ने मां चिंतपूर्णी के दरबार में माथा टेका।

Related posts