चिंतपूर्णी में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब

चिंतपूर्णी (ऊना)। छिन्नमस्तिका धाम चिंतपूर्णी में रविवार को दूसरे नवरात्रे के मौके पर श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ा। रविवार को माता के दर्शनों के अभिलाषी भक्तों ने शनिवार रात को ही पहुंचना शुरू कर दिया था। इसके चलते मंदिर न्यास को रात दो बजे ही मंदिर के कपाट खोलने पड़े। रविवार को लगभग 25 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने माता के दरबार में दस्तक देकर शीश नवाया। रात दो बजे कपाट खुलते ही मंदिर में श्रद्धालुओं का आना-जाना आरंभ हो गया, जबकि दिन चढ़ते-चढ़ते श्रद्धालुओं की डबल लाइनें पुराना बस अड्डा पार कर गई थीं। माता के जयकारे लगाते भक्तों ने पूरे क्षेत्र को गूंजायमान रखा। आसमान में छाए बादलों के चलते मौसम ने भी पूरी तरह श्रद्धालुओं का साथ दिया, लेकिन लंबी कतारों के चलते उन्हें माता के दर्शनों के लिए घंटों तक इंतजार करना पड़ा। मंदिर अधिकारी सुभाष चौहान ने बताया कि रविवार को लगभग 25 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने माता की पावन पिंडी के दर्शन किए हैं। उन्होंने बताया कि मेला शांतिपूर्ण ढंग से चल रहा है। मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं के लिए समुचित पेयजल की व्यवस्था की गई है, जबकि मेडिकल कैंपों का भी आयोजन किया गया है, जो 24 घंटे श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध हैं। उन्होंने बताया कि सफाई व्यवस्था का खास ख्याल रखा जा रहा है।

Related posts