
नादौन (हमीरपुर)। उपमंडल नादौन के अंतर्गत पेयजल बिल की अदायगी न करने वाले उपभोक्ताओं के पेयजल कनेक्शन काटने की प्रक्रिया जल्द ही शुरू हो जाएगी। सिंचाई एवं जनस्वास्थ्य विभाग डिफाल्टर उपभोक्ताओं की सूची बनाने में लगा है। जल्द ही पेयजल कनेक्शन काटने की प्रक्रिया शुरू होगी।
नादौन शहर में करीब चार दर्जन ऐसे पेयजल उपभोक्ता हैं, जिन्होंने काफी समय से पेयजल के लंबित बिल का भुगतान नहीं किया है। ऐसे में सभी उपभोक्ताओं का करीब डेढ़ लाख रुपये पेंडिंग चल रहा है। हालांकि विभाग ने समय समय पर उपभोक्ताओं को नोटिस भी जारी किए हैं लेेकिन इसके बावजूद लोगों ने पेंडिंग बिलों का भुगतान नहीं किया। अब आईपीएच विभाग ऐसे उपभोक्ताओं के खिलाफ सख्त हो गया है। सभी उपभोक्ताओं को अंतिम नोटिस विभाग ने जारी कर दिया है। इसके बावजूद बिलों का भुगतान न करने वाले उपभोक्ताओं के पेयजल कनेक्शन काटने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। विभाग सभी डिफाल्टर उपभोक्ताओं की सूची तैयार कर रहा है। टुल्लू पंप का उपयोग करने वाले, पानी का दुरुपयोग करने वाले उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटने की प्रक्रिया भी साथ ही शुरू होगी। उधर, आईपीएच विभाग के एसडीओ उमेश डोगरा का कहना है कि बिल की अदायगी न करने वाले उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटने की प्रक्रिया जल्द ही शुरू कर दी जाएगी। डिफाल्टर उपभोक्ताओं से अपील की कि समय रहते पेंडिंग बिलों का भुगतान कर दें।
