
कुल्लू। आगामी लोकसभा चुनाव के लिए लोक जनशक्ति पार्टी ने भी कमर कसना शुरू कर दी है। इसके लिए पार्टी पंचायत स्तर पर बैठकें कर रही है। लोजपा युवा सेना की चुनावी बैठक जरी में हुई। इसमें युवा सेना के प्रदेशाध्यक्ष डीसी धीमान विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि आने वाले लोस चुनाव में लोजपा सूबे की चारों संसदीय क्षेत्रों में अपने उम्मीदवार उतारने जा रही है। इसके लिए सशक्त प्रत्याशियों की तलाश की जा रही है। चुनाव से पहले लोजपा युवा सेना को प्रदेश भर में मजबूत किया जा रहा है तथा जिला स्तर पर कमेटियां गठित करने के उपरांत पंचायत स्तर पर कमेटियां बनाई जाएंगी। धीमान ने युवाओं से चुनाव के लिए तैयार रहने को कहा और अधिक से अधिक लोगों को पार्टी में जोड़ने पर बल दिया। कहा कि वर्तमान सरकार का स्थानीय विकास पर कोई ध्यान नहीं है। यही कारण है कि मणिकर्ण घाटी जैसे प्रसिद्ध पर्यटन और धार्मिक स्थल की सड़कों की हालत दयनीय है। उन्होंने कहा कि लोजपा हिमाचल इकाई की युवा विंग इन सभी मुद्दों को लेकर चुनाव मैदान में उतरेगी तथा इन मुद्दों को लेकर धरना-प्रदर्शन भी करेगी। इस अवसर पर राजकुमार, टेक चंद, टेक राम, डोली देवी, सुभाष आदि सदस्य भी उपस्थित रहे।
