चाचा-भतीजे की गृह पंचायत पर टिकी निगाहें

चौंतड़ा (मंडी)। चुनावी मतगणना की तारीख करीब आते ही जोगिंद्रनगर विधानसभा क्षेत्र में भी प्रत्याशियों के हार-जीत की चरचाओं को लेकर माहौल गरम है। जोगिंद्रनगर हलके में इस बार भी चाचा-भतीजे के बीच मुख्य मुकाबला है। खास बात यह है कि इस चुनाव में नेर घरवासड़ा पंचायत के मतदाता चाचा का समर्थन करते हैं या भतीजे का। भाजपा प्रत्याशी गुलाब सिंह ठाकुर व कांग्रेस प्रत्याशी सुरेंद्र ठाकुर रिश्ते में चाचा-भतीजा हैं और नेर घरवासड़ा पंचायत के एक ही परिवार एक ही गांव से संबंध रखते हैं।
नेर घरवासड़ा पंचायत की आबादी 2500 हैं। पुराने चुनाव नतीजों को देखा जाए तो पंचायत के मझारनू गांव से जिसे भी बढ़त मिलेगी, वही विधायक बनेगा। वर्ष 2003 के चुनाव में विधायक बने सुरेंद्र ठाकुर को यहां से बढ़त मिली थी। भाजपा नेता गुलाब सिंह ठाकुर को जब-जब गृह पंचायत से बढ़त मिली तब तक उन्हें जीत मिली। इस बार भी लोगों की नजर नेर घरवासड़ा पंचायत पर टिकी है। जहां मझारनू के दो वार्ड व कुंडनी के दो वार्ड है। मझारनू वार्ड-एक पूरे जोगिंद्रनगर विधानसभा क्षेत्र में ऐसा वार्ड है, जहां सबसे ज्यादा 90 प्रतिशत मतदान हुआ है। मझारनू वार्ड-दो में 83 प्रतिशत मतदान हुआ है। मझारनू वार्ड एक में कुल 682 मतदाताओं में से 608 ने वोट डाले। वार्ड दो में कुल 509 मतदाताओं में से 423 ने मतदान किया। दोनों वार्डों में महिलाओं से अधिक मतदान किया। वर्ष 2007 के विधानसभा चुनाव में मझारनू में 86 प्रतिशत हुआ था। उस समय एक ही वार्ड था। इस वार्ड से भाजपा नेता व मौजूदा विधायक गुलाब सिंह ठाकुर को 138 मतों की बढ़त मिली थी। वर्ष 2003 के चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी सुरेंद्र ठाकुर को बढ़त मिली थी। इस बार भी सभी निगाहें मझारनू पर टिकी हुई है कि चाचा-भतीजे में से किसे लोगों ने अपना समर्थन दिया।

Related posts