
ऊना। करवाचौथ के मौके पर सुहागिनों ने अपने सुहाग की रक्षा के लिए सुहागियां बांटीं। सुहागिनों को सुहागियों के साथ-साथ अन्य शृंगार सामग्री भी दी गई। रात को चांद के दीदार के बाद सुहागिनों ने जल ग्रहण कर व्रत खोला।
कई सुहागिनों ने शक्तिपीठ चिंतपूर्णी, दुर्गा माता मंदिर, शीतला माता मंदिर समेत अन्य देवालयों में भी शृंगार सामग्री चढ़ाई। महिलाओं ने मंदिरों में माथा भी टेका। कई दंपति साथ-साथ मंदिरों में आशीर्वाद लेने पहुंचे। चौथ माता की महिमा का गुणगान करने के लिए पड़ोस की दर्जनों महिलाएं एक स्थान पर एकत्रित हुईं और कथा भी सुनी। देवालयों में माथा टेकने के पश्चात घर में भी पूजा-अर्चना की गई। बाजार में भी खरीदारी के लिए महिलाओं की खासी भीड़ उमड़ी। ऊना के कोटला कलां से नवविवाहिता रश्मि, नेहा, अंजली, तृप्ता, ऊना के वार्ड नंबर सात से रजनी, हिमानी शर्मा, आकांक्षा, जसप्रीत कौर, मोनिका, सोनिया, अमनदीप आदि ने कहा कि उन्होंने मंदिरों और गुरुद्वारों में शीश नवाया। दीपिका शर्मा, कांता ठाकुर, नीतू और स्नेहलता ने बताया कि उन्होंने परिवार सहित माता के मंदिर में माथा टेका और आशीर्वाद मांगा। बाजार में खरीदारी भी की।
उधर, शहर के कारोबारी नरेंद्र शर्मा, विजय कुमार, रणजीत सिंह, अशोक कुमार, अनिल कुमार आदि ने कहा कि बाजार में करवाचौथ पर काफी भीड़ रही।
