
दिल्ली के चांदनी चौक में अगर आप खरीददारी करने जा रहे हैं, तो जरा संभलकर। चांदनी चौक बाजार में इन दिनों महिला चोरों ने आतंक मचा रखा है। ये गैंग कई वारदातों को अंजाम दे चुका है। इसमें विदेश मंत्रालय में उप सचिव सुखनीत कौर का पर्स उड़ाने की घटना भी शामिल है।
कई वारदातें सीसीटीवी कैमरे में कैद होने के बावजूद पुलिस इनका सुराग नहीं लगा पा रही है। सोमवार को भी इस महिला गिरोह ने एक महिला से कैश और जेवरात उड़ा लिए। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
गौतम नगर की रहने वाली अनिता जैन सोमवार दोपहर चांदनी चौक में खरीददारी करने आई थी। वह चांदनी चौक स्थित एक दुकान में इंतजार कर रही थी। इसी दौरान अनिता ने अपने बैग की चेन को खुला हुआ पाया, उसमें से पर्स गायब था।
अनिता के मुताबिक पर्स में 32 हजार रुपये और सोने की चेन थी। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज की जांच में कुछ महिलाएं बैग से पर्स निकालती दिखाई पड़ी हैं। फुटेज के जरिए पुलिस इस गिरोह को दबोचने की कोशिश कर रही है।
