
टाहलीवाल (ऊना)। शनिवार दोपहर बाद बारिश एवं आंधी से टाहलीवाल-संतोषगढ़ मार्ग पर एक भारी पेड़ सड़क पर से गुजर रहे एक टैंपो पर आ गिरा, लेकिन टैंपो चालक इस हादसे में बाल बाल बच गया। जानकारी के मुताबिक टैंपो नंबर एच 72 2045 टाहलीवाल से संतोषगढ़ की ओर जा रहा था। इसी दौरान तेज बारिश एवं आंधी से सड़क के किनारे खड़ा एक भारी पेड़ उखड़ कर टैंपो के ऊपर जा गिरा। सड़क आरपार होते हुए गिरे पेड़ ने बिजली की ताराें को भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया है। हादसे के समय बिजली आपूर्ति बंद होने के चलते बड़ा हादसा टल गया। पेड़ के गिरने से कई घंटों तक टाहलीवाल-संतोषगढ़ मार्ग पर जाम लगा रहा। इसमें दोनों ओर वाहनाें की लंबी कतारें लग गईं। हरोली से ट्रैफि क इंचार्ज मुश्ताक मोहम्मद ने बताया कि टैंपो पर गिरे पेड़ को हैडरा एवं अन्य मशीनों की मदद से हटाकर यातायात बहाल कर दिया गया था। वहीं दूसरी ओर तेज बारिश एवं आंधी से कई जगहों पर पेड़ बिजली के खंभों एवं तारों पर आ गिरे, जिससे बिजली आपूर्ति काफी समय तक ठप रही। इसके अलावा टाहलीवाल-संतोषगढ़ मार्ग पर स्थित एक निजी गार्डन में छतों पर लगाए गए टीन के पतरे भी तेज हवा से उड़कर 11 केवी लाइन की तारों पर जा गिरे। टाहलीवाल के विद्युत बोर्ड से सहायक अभियंता बलराज सागर ने बताया कि तेज हवा से क्षेत्र में कई जगहों पर पेड़ के गिरने से बिजली की तारों एवं खंभाें को नुकसान पहुंचा है।
