
गगरेट (ऊना)। गगरेट में शनिवार को एक निजी बस का अचानक स्टेयरिंग फ्री हो गया। इससे बस अनियंत्रित हो गई, लेकिन बस चालक की सूझबूझ से बड़ा हादसा होने से टल गया। घटना के वक्त बस में लगभग 40 से 45 यात्री सवार थे। बस में सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं। लोगों ने कहा कि हल्की सी चूक बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती थी।
जानकारी के अनुसार शनिवार दोपहर एक निजी बस जालंधर से चिंतपूर्णी जा रही थी कि अचानक गगरेट के पास बस का स्टेयरिंग फ्री हो गया। इससे बस बेकाबू हो गई। गनीमत यह रही कि नगर के भरवाईं रोड में सड़क टूटी फूटी होने से बस की स्पीड काफी कम थी, जिससे चालक ने बस को आसानी से रोक लिया। अचानक पेश आए हादसे में बस में सवार सभी यात्री सहम गए। हादसे के समय बस में बैठी सवारियों में जगन्नाथ, बलविंद्र, सीमा, मधु, अशोक और सुरेंद्र सिंह का कहना है कि यदि यह घटना कहीं पहाड़ी रास्ते में घटती तो भयंकर हादसा भी हो सकता था। सवारियों को इस घटना के बाद काफी परेशानी झेलनी पड़ी। उधर, थाना गगरेट के एसएचओ विश्वास वालिया का कहना मामले के संदर्भ में कोई मामला दर्ज नहीं किया है।
