
हरोली (ऊना)। घालूवाल में सफेदे का एक पेड़ तेज अंधड़ के कारण जड़ से उखड़ गया। यह भीमकाय पेड़ दुकानों पर गिर गया, जिससे दुकानों को नुकसान पहुंचा। एक अन्य मकान की छत भी उड़ गई। सफेदे का एक पेड़ चलती आल्टो कार पर गिर गया। हादसे में आल्टो में सवार तीन लोग जख्मी हुए। हादसे के बाद 108 एंबुलेंस के माध्यम से हादसे में घायल हुए इन लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया। कारोबारी अजय वीर सिंह की कार घर के बाहर खड़ी थी। उस गाड़ी पर आम का पेड़ गिर गया, जिससे गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई। एक अन्य यूटिलिटी जीप भी पेड़ गिर जाने से क्षतिग्रस्त हो गई। घालूवाल-जैजोमोड़ मार्ग पर एक पेड़ गिर गया, जिससे मार्ग अवरुद्ध रहा। वाहनों को अन्य मार्ग से आगे भेजा गया। घालूवाल से पंचायत समिति सदस्य अजय कुमार लवली ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों की मदद से तीन घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि जैजोमोड़ मार्ग पर पेड़ गिरने के कारण पुलिस ने वाहनों को अन्य मार्ग से भेजा।
