
ऊना। बंगाणा क्षेत्र के चराड़ा में चरस तस्करी के मामले में वांछित चल रहे ज्वालामुखी पुलिस के जवान ने सोमवार को न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया, जहां से अदालत ने आरोपी को 25 जुलाई तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। 11 जुलाई को पुलिस ने बंगाणा के चराड़ा में चरस तस्करी करते हुए दो लोगों को दबोचा था, जिनमें से एक आरोपी हिमाचल पुलिस का कर्मचारी नरेंद्र कुमार मौके से पुलिस कर्मियों को चकमा देकर फरार हो गया था। ऊना पुलिस ने कई दिनाें तक उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग पाया। इसी बीच सोमवार को आरोपी नरेंद्र कुमार ने अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया। एसपी केसी शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने आरोपी को 25 जुलाई तक पुलिस रिमांड पर लिया है। मामले की छानबीन की जा रही है।
