
कुल्लू। मणिकर्ण के शाट में पुलिस ने चरस के साथ एक महिला को गिरफ्तार कर लिया। नियमित तलाशी अभियान के तहत पुलिस ने महिला से चरस बरामद की है। पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट 20 और 29 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार पुलिस ने शाट में मणिकर्ण से भुंतर आ रही बस को तलाशी के लिए रोका। इस दौरान सवारियों की तलाशी के दौरान महिला के कब्जे से चरस बरामद की गई। डीएसपी संजय शर्मा ने बताया कि जरी चौकी में तैनात एएसआई धर्म चंद ने टीम के साथ नेपाल मूल की महिला ललिता उर्फ लीला को 914 ग्राम चरस सहित गिरफ्तार कर लिया। डीएसपी ने बताया कि महिला कसोल से भुंतर की तरफ आ रही थी। डीएसपी ने बताया कि पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
बिना परमिट के पकड़ी अवैध शराब
कुल्लू। भुंतर शहर में पुलिस ने दो दुकानदारों से बिना परमिट अवैध शराब बरामद की है। पुलिस ने दो व्यक्तियों के खिलाफ एक्साइज एक्ट 2012 के तहत मामला दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है। डीएसपी संजय शर्मा ने बताया कि एएसआई रामनाथ ने भुंतर बाजार में ढाबे और दुकान से चार बोतलें ऊना नंबर, एक पेटी वीयर और चार बोतलें ग्रीन लेबल की बिना परमिट बरामद की हैं। डीएसपी ने बताया कि पुलिस ने ढाबा संचालक दवेंद्र कुमार और दुकान मालिक इंद्रजीत के खिलाफ एक्साइज एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
