
तेलका (चंबा)। डल्हौजी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत भजोतरा में स्थित आयुर्वेदिक औषाधालय चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के सहारे चल रहा है। औषधालय में चिकित्सक का पद चार माह से रिक्त पड़ा हुआ है। इससे हजारों लोगों को दिक्कतों झेलनी पड़ रही हैं। गौरतलब है कि भजोतरा पंचायत में सड़क सुविधा भी नाममात्र है। ऐसे में इलाज करवाने के लिए कोई और विकल्प भी नहीं है। कोई आदमी बीमार पड़ जाता है तो उसे पीठ या पालकी में उठाकर दो घंटे पैदल चलकर सड़क तक पहुंचाना पड़ता है और उसके बाद सड़क मार्ग से आठ किलोमीटर दूर तेलका में दिखाना पड़ता है। कई बार ऐसी स्थिति में गंभीर बीमार व्यक्ति लोगों की पीठ पर ही दम तोड़ देता है। ग्राम पंचायत भजोतरा की प्रधान गुड्डी देवी, उप प्रधान पृथी सिंह, वार्ड सदस्य बोधी राम, जागीर सिंह, कमलेश कपूर, नानकू राम, किशु, उत्तम सिंह, पवन कुमार, महेंद्र कुमार, सुरेंद्र कुमार, शांति, नीचनु, विमलो ने सरकार व विभाग से गुहार लगाई है कि औषाधालय में डाक्टर को भेजा जाए। इस संबंध में जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डा. जय प्रकाश ने बताया कि चिकित्सकों की कमी के बारे में विभाग को अवगत करवा दिया गया है। सरकार के आदेश मिलने के बादयहां प्राथमिकता के आधार पर चिकित्सक की तैनाती की जाएगी।
